जालंधर, राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती विजया रहाटकर, 18 अगस्त 2026 को जालंधर का आधिकारिक दौरा करेंगी।दौरे के दौरान चेयरपर्सन महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण, महिलाओं पर नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के प्रभाव, युवाओं के लिए अवसरों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आजीविका सशक्तिकरण पर केंद्रित प्रोग्रामों में भाग लेंगी। उनके द्वारा जिला प्रशासन के सीनियर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें भी की जाएंगी तथा स्वयं-सहायता समूहों के लाभार्थियों, स्थानीय प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगी।
18 अगस्त को सुबह 10 बजे चेयरपर्सन रेड क्रॉस ऑडिटोरियम में प्रोग्राम में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम महिलाओं पर नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के प्रभाव को समझने पर केंद्रित होगा।
11 बजे चेयरपर्सन स्थानीय हंस राज महिला महाविद्यालय में ‘शी सर्ब्ज’ (She Serves) प्रोग्राम में शामिल होंगी। इस पहल का उद्देश्य युवा महिलाओं को रक्षा सेवाओं में अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें अधिक जागरूकता, आत्मविश्वास और मार्गदर्शन के साथ सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसके बाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में दोपहर 12 बजे ‘यशोदा ए.आई.’प्रोग्राम होगा, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इससे उत्पन्न होने वाले नए अवसरों के बारे में जागरूकता एवं भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित होगा। इसके बाद चेयरपर्सन जालंधर के रेड क्रॉस ऑडिटोरियम में ‘सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स’ (स्वयं-सहायता समूहों) के लाभार्थियों से बातचीत करेंगी।
उनके द्वारा महिलाओं से संबंधित मुद्दों की समीक्षा तथा जिला स्तर पर संस्थागत तालमेल को मजबूत करने के लिए जालंधर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की जाएगी। माननीय चेयरपर्सन अपने दौरे के दौरान ‘वन स्टॉप सेंटर’, जालंधर का भी दौरा करेंगी।
शाम को चेयरपर्सन जिला प्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी। इस बातचीत के दौरान महिलाओं को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर चर्चा हो सकेगी।
