दुनिया में अमीरों की दौड़ में टेस्ला के मालिक एलन मस्क अब औरों से बहुत आगे निकल गए हैं. डेलावेयर सुप्रीम कोर्ट के एक ताज़ा फैसले के बाद एलन मस्क की कुल संपत्ति 749 अरब डॉलर (₹66 लाख करोड़) के जादुई आंकड़े को छू गई है. मस्क की रईसी का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि वह अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति, गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज से करीब 500 अरब डॉलर आगे निकल गए हैं. शुक्रवार को डेलावेयर सुप्रीम कोर्ट ने टेस्ला के 139 अरब डॉलर मूल्य के उन ‘स्टॉक ऑप्शंस’ को फिर से बहाल कर दिया है, जिन्हें पिछले साल एक निचली अदालत ने “अकल्पनीय” बताते हुए रद्द कर दिया था. अदालत ने अपने ताज़ा फैसले में माना कि मस्क का वेतन पैकेज रद्द करना उनके साथ अन्याय था. इस एक फैसले ने मस्क की नेटवर्थ में जोरदार उछाल आया.
जिनकी नेटवर्थ ने न केवल 600 अरब, बल्कि 700 अरब डॉलर का भी पहाड़ लांघ लिया है. इसी सप्ताह एलन मस्क इतिहास में पहले ऐसे व्यक्ति बने जिनकी नेटवर्थ 600 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गई. यह बढ़त उनकी एयरोस्पेस स्टार्टअप कंपनी स्पेसएक्स के संभावित आईपीओ की खबरों के बाद देखने को मिली. टेस्ला के शेयरधारकों ने मस्क के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर (1000 अरब डॉलर) के वेतन पैकेज को मंजूरी दी है. यह कॉर्पोरेट इतिहास का सबसे बड़ा ‘पे-चेक’ है. निवेशकों का मानना है कि मस्क टेस्ला को सिर्फ एक कार कंपनी नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स की दुनिया का बेताज बादशाह बना देंगे.
