जालंधर, (संजय शर्मा) — पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रगट सिंह ने जसवंत नगर पहुंचकर वार्डवासियों से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें क्षेत्र की सड़कों की स्थिति तथा दयानंद चौक से जुड़े मामले के बारे में अवगत करवाया।
वार्डवासियों ने बताया कि सड़क संबंधी समस्याओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दयानंद चौक से संबंधित मामले को लेकर भी उन्होंने अपनी समस्याएं प्रगट सिंह के समक्ष रखीं। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद प्रगट सिंह ने कहा कि संबंधित समस्याओं को जल्द हल करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को इन मामलों के बारे में जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस मौके पर प्रगट सिंह ने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत कर समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रगट सिंह द्वारा क्षेत्र में लगातार लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनना और संबंधित अधिकारियों तक उनकी आवाज पहुंचाना सराहनीय प्रयास है।
