चार शादियां रचाने के बाद खुद को कुंवारी बता एक महिला ने 25 सिख रेजिमेंट में तैनात एक फौजी संग शादी कर ली। शादी से पहले और बाद में आरोपी महिला ने फौजी से कई कीमती तोहफे लिए हैं। फौजी को चार शादियों की भनक लगी तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने रविवार पीड़ित फौजी के बयान पर आरोपी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़ित फौजी कर्णदीप सिंह निवासी गांव रूकना बेगू जिला फिरोजपुर ने पुलिस को बताया कि वह 25 सिख रेजिमेंट बठिंडा में कार्यरत हैं। उनकी सोशल मीडिया पर हरमनदीप कौर से जान पहचान हुई। महिला ने खुद को मलेशिया की रहने वाली बताया। आरोपी महिला को काफी कीमती और घरेलू सामान खरीद कर दिया था।छुट्टी पर जब वह महिला से मिलने आया तो उसने गुरदेव कौर से अपनी मां के तौर पर मुलाकात करवाई। सोनिया से बतौर मासी की बेटी व तरनजीत सिंह को भाई के तौर पर मिलाया था। एक और रिश्तेदार संदीप कौर से भी मिलाया। सभी ने हरमनदीप कौर को कुंवारी बताया। कर्णदीप ने बताया कि उसने हरमनदीप कौर के साथ गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहब चुंगी नंबर आठ प्रताप नगर फरीदकोट रोड में शादी की थी।
