अमेरिका, नशा किसी भी तरह का हो, स्वास्थ्य के लिए हानीकारक ही होता है. नशे से सेहत तो बिगड़ती ही है, इंसान अपने आप को और परिवार को दुख, अवसाद और चिंताओं के ऐसे दलदल में ढकेल देता है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है. ड्रग्स की लत अगर एक बार लग गई, तो फिर इंसान बड़ी मुश्किल से बच पाता है. ऐसा ही एक 38 साल की महिला के साथ हुआ जिसे कोकीन लेने की ऐसी लत लगी, कि उसे नाक से सुड़कते-सुड़कते उसकी नाक ही गल गई और चेहरे पर गड्ढा बन गया.
डेली स्टार न्यूज वेबसाइट के अनुसार ये कहानी है अमेरिका के शिकागो में रहने वाली केली कोज़ायरा की. साल 2017 में केली एक रात दोस्तों के साथ पार्टी करने गई थीं. तब उनके एक दोस्त ने उन्हें कोकीन की एक लाइन सुड़कने को दी. चंद महीनों में उन्हें इतनी बुरी लत लग गई कि वो लगभग हर दिन कोकीन लेने लगीं. इसके लिए उन्होंने अपनी नींद और भोजन को भी किनारे कर दिया. कुछ महीनों के बाद उनकी नाक से खून आना शुरू हो गया.
एक सर्जरी में उनके माथे के पास से चमड़ी लेकर नाक की टिप को बनाया गया है. बाजू से एक धमनी लेकर उस धमनी को दोबारा बनाया गया है जिससे गाल के जरिए नाक तक खून पहुंचता है. धीरे-धीरे उनकी नाक बेहतर हो रही है, वो थोड़ा बहुत नाक जैसी लगने लगी है. केली अब दूसरों को अपने अनुभवों से जागरूक करना चाहती हैं और ड्रग्स लेने से रोकना चाहती हैं.
