कोटक अल्टरनेट एसेट मैनेजर्स की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि आने वाले महीनों में दुनिया की इकोनॉमिक ग्रोथ में कमी आने वाली है. अमेरिका और चीन जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाएं भी मंदी का शिकार हो सकती हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 90 बेसिस पॉइंट की गिरावट आने की संभावना है, जबकि चीन की ग्रोथ में 60 बेसिस पॉइंट्स की कमी आ सकती है. हालांकि, इसके विपरीत भारत के सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी स्थिति को बनाए रखने की संभावना है.
भारतीय अर्थव्यवस्था की इस मजबूती के बीच उसकी तेज होती मैन्युफैक्चरिंग एक्टिविटी है. भारत अपनी विनिर्माण क्षमता पर फोकस कर रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, देश की परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) नंबर लगातार तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जो इसे दुनिया के कई दूसरे देशों से अलग रखता है.
कई दूसरे पैमानों से मिले-जुले संकेतों के मिलने के बावजूद भारत का व्यापक आर्थिक परिदृश्य स्वस्थ बना हुआ है. इस बीच कर्ज में भी कमी आई है और सरकारी खर्च भी कुछ कम हुआ है, जिससे अर्थव्यवस्था को सहारा मिल रहा है.
