अमेरिका में रहने वाली प्रियंका जैन की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. प्रियंका अमेरिका में फुल टाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करती हैं, लेकिन उनकी कमाई का एक और जरिया है, जो सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. ऑफिस में लैपटॉप पर कोडिंग करने वाली प्रियंका खाली समय में मेहंदी लगाती हैं और बतौर प्रोफेशनल मेहंदी आर्टिस्ट काम करती हैं. खास बात यह है कि उनका यह साइड बिजनेस सिर्फ शौक तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उन्हें अच्छी-खासी कमाई भी हो रही है. प्रियंका के मुताबिक, वह मेहंदी डिजाइन के लिए करीब 100 डॉलर प्रति घंटे यानी लगभग 9 से 10 हजार रुपये चार्ज करती हैं.
प्रियंका की कमाई का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब सामने आता है, जब उन्हें शादी या ब्राइडल मेहंदी का बड़ा काम मिलता है. उन्होंने बताया कि किसी शादी की करीब 10 घंटे की बुकिंग से वह एक ही दिन में लगभग 1200 डॉलर या उससे ज्यादा कमा सकती हैं. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 1 लाख रुपये के आसपास बैठती है. यानी जिस हुनर को कई जगह लोग सिर्फ शौक समझ लेते हैं, उसी हुनर से प्रियंका अमेरिका में एक दिन में अच्छी खासी कमाई कर रही हैं. उनकी यह बात सोशल मीडिया पर लोगों को सबसे ज्यादा हैरान कर रही है.
