फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान अपनी बेबाक बातों के लिए जानी जाती हैं. वो अपनी सोच को खुलकर लोगों के सामने रखती हैं. हाल ही में फराह ने आज के नए एक्टर्स के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि आजकल के कलाकार फिल्मों में कोरियोग्राफी से लेकर म्यूजिक और कास्टिंग तक हर चीज में दखल देते हैं. उनके मुताबिक, ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आज के एक्टर्स को खुद पर भरोसा नहीं है और वे असुरक्षित महसूस करते हैं.
फराह खान हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने नए एक्टर्स को लेकर ये बयान दिया है. फिल्ममेकर ने आगे ये भी कहा है कि बॉलीवुड में अब सुपरस्टार्स का दौर खत्म हो चुका है. लेकिन फराह ने ऐसा क्यों कहा है आइए जानते हैं.
आज के कलाकारों की सोच पर बात करते हुए फराह खान ने कहा कि नई पीढ़ी के एक्टर्स को किसी पर भरोसा नहीं है. उन्हें अपने डायरेक्टर पर भी विश्वास नहीं होता. वे गानों की कोरियोग्राफी खुद करना चाहते हैं और म्यूजिक से लेकर कास्टिंग तक हर मामले में दखल देते हैं. फराह के मुताबिक, यह सब तब होता है जब किसी इंसान को खुद पर भरोसा नहीं होता. उन्होंने कहा कि जिन एक्टर्स को अपनी काबिलियत पर विश्वास होता है, वे डायरेक्टर और पूरी टीम के काम करने के तरीके पर भरोसा करते हैं.
