काठमांडू, नेपाल के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मधेस प्रांत के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया। यह कदम पड़ोसी कोशी प्रांत के भारत से लगे सुनसरी जिले में इस सप्ताह की शुरुआत में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर उठाया गया है।
कर्फ्यू मधेस प्रांत के धनुषा और सिराहा जिलों में लगाया गया है।सुनसरी जिले में हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।धनुषा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी भूदेव झा ने बताया कि तनाव के कारण एहतियाती उपाय के रूप में, लक्ष्मीनिया हाटबाजार, बेलौनी रोड, नगराइन नगरपालिका, दूधमती पुल और जनकपुर सहित धनुषा के विभिन्न हिस्सों में दोपहर 3:30 बजे से अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है।
इसी तरह, सिराहा जिला प्रशासन कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, जिले के पूर्व-पश्चिम राजमार्ग स्थित गोलबाजार क्षेत्र में अपराह्न दो बजे से कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।सुनसरी जिले में सोमवार को लगाए गए कर्फ्यू को बुधवार को अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दिया गया।कप्तानगंज इलाके में रविवार को दो धार्मिक समुदायों के उत्सव के दौरान हुए विवाद के बाद आपस में भिड़े समूहों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों सहित 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
सुनसरी के सहायक मुख्य जिला अधिकारी पोषण लामिछाने ने कहा कि जिले में सुरक्षा स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कर्फ्यू का दायरा बढ़ाकर पूर्व-पश्चिम राजमार्ग समेत 10 इलाकों तक कर दिया है। यह कर्फ्यू अगले आदेश तक जारी रहेगा।
