अमेरिका के टेनेसी राज्य में मौत की सज़ा झेल रहीं क़ैदी क्रिस्टा पाइक को दो घातक इंजेक्शन दिए गए लेकिन वो अब भी ज़िंदा हैं. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनके वकील ने यह जानकारी दी है. पाइक की सज़ा रोकने के लिए उनकी क़ानूनी टीम ने आख़िरी समय में एक आपातकालीन याचिका दायर की. इसमें कहा गया, “पाइक बेहोश हो गई हैं, लेकिन उनके दिल की धड़कन अभी भी चल रही है और उनके खर्राटे सुनाई दे रहे हैं.”
पाइक के एक वकील ने बीबीसी को बताया कि 50 साल की पाइक को पेंटोबार्बिटल की दो सिरिंज देने के बाद अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. पाइक को 1996 में 19 साल की कोलीन स्लेमर की हत्या के लिए मौत की सज़ा सुनाई गई थी. उनकी सज़ा रोकने के लिए आख़िरी समय तक क़ानूनी लड़ाई चली. इसका नतीजा यह हुआ कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने घातक इंजेक्शन देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी.
