पंजाब में आज फिर पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला हुआ है। गुरदासपुर की बख्शीवाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला किया गया। आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स ने इसकी जिम्मेदारी ली है। एक महीने के अंदर यह सातवां ग्रेनेड हमला है। इस हमले से पहले पंजाब में 25 दिनों में छह आतंकी हमले हो चुके हैं। इन सभी आतंकी हमलों में पुलिस थाने निशाने पर थे। गुरदासपुर पुलिस की टीमें पुलिस चौकी पहुंच गईं हैं। इलाके को पुलिस ने पूरी तरह से सील कर दिया है। डॉग स्क्वायड की टीमों की सहायता से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और बम निरोधक दस्ते ने भी जांच की है। सुरक्षा एजेंसियों ने ब्लास्ट वाली जगह से सबूत भी जुटाए हैं।
गुरदासपुर जिले के कलानौर कस्बे की बख्शीवाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड अटैक किया गया। आतंकी ऑटो में बैठकर आए और पुलिस चौकी पर ग्रेनेड उछालकर फरार हो गए। यह पुलिस चौकी करीब एक महीने पहले ही बंद कर दिए जाने के कारण इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ। ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी लेने के लिए आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट अपलोड की है। इसमें कहा गया है कि 18 दिसंबर की रात को कलानौर की बख्शीवाला पुलिस चौकी पर हैंड ग्रेनेड अटैक खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स ने किया है। यह हमला जत्थेदार भाई रणजीत सिंह जम्मू की अगुवाई और भाई जसविंदर सिंह बागी उर्फ मनु अगवान की देखरेख में किया गया है। पंजाब ही नहीं, दूसरे राज्यों में भी सिखों के बारे में ऊल-जलूल बोलने वाले लोगों को इसका जवाब मिलता रहेगा।
