दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के लिए नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया गया है। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खास वीडियो जारी कर इस बारे में जानकारी दी। इस साल दिल्ली की कप्तानी के लिए अक्षर पटेल के साथ केएल राहुल भी रेस में थे। जब केएल को दिल्ली ने ऑक्शन में खरीदा तो सभी को लग रहा था कि उन्हें की कप्तानी सौंपी जाएगी। लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अक्षर पटेल पर भरोसा दिखाया है। बता दें कि पिछले सीजन में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी। लेकिन मेगा ऑक्शन में पंत को लखनऊ ने खरीद लिया और कप्तान भी बना दिया।
अक्षर पटेल 2019 से दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं। पिछले साल नवंबर में मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली टीम मैनेजमेंट ने उन्हें 16.50 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। अक्षर पटेल दिल्ली के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने छह सीजन में टीम के लिए कुल 82 मैच खेले हैं। पिछले सीजन में उन्होंने करीब 30 के औसत से 235 रन बनाए थे और 7.65 की इकॉनमी से 11 विकेट भी लिए थे। ऋषभ पंत को जब स्लो ओवर रेट के लिए प्रतिबंधित किया गया था तब अक्षर ने एक मैच में दिल्ली की कप्तानी भी की थी। हालांकि यह मैच दिल्ली की टीम हार गई थी।
