दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है. करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा और कियान ने अपनी सौतेली मां प्रिया सचदेव कपूर के खिलाफ नए आरोप लगाए थे. गुरुवार को प्रिया की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे वकील ने दिल्ली हाई कोर्ट में कहा कि पति का अपनी संपत्ति पत्नी को देना एक हेल्दी ट्रेडिशन है. गुरुवार को प्रिया कपूर के संजय कपूर के संपत्ति विवाद पर अधिवक्ता राजीव नायर ने कहा कि यही परंपरा उस समय भी निभाई गई थी, जब उनके ससुर (संजय के पिता) ने अपनी वसीयत में सब कुछ अपनी पत्नी रानी कपूर को दिया था. समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, ‘पति द्वारा अपनी सारी संपत्ति अपनी पत्नी को देना बिल्कुल भी संदिग्ध नहीं है. जैसे कि मेरे मुवक्किल के ससुर की वसीयत में हुआ, जिसमें सब कुछ उनकी पत्नी को दिया गया था. यह एक स्वस्थ परंपरा है, जो शायद हमेशा से निभाई जाती रही है.’ एडवोकेट नायर ने आगे यह भी बताया कि 10 फरवरी 2025 को संजय कपूर को वसीयत का एक प्रिंटआउट दिखाया गया था. संजय ने ही ड्राफ्ट में कुछ बदलाव सुझाए थे, जिन्हें शामिल किया जाना था. इसके बाद उसी ड्राफ्ट में अंतिम संशोधन 17 मार्च 2025 को किए गए. यह संशोधन उस समय किया गया, जब संजय गोवा में थे. उन्होंने यह भी कहा कि प्रिया कपूर और संजय कपूर की वसीयत दोनों एक ही दिन बनाई गई थीं, जो कि पति-पत्नी के लिए एक प्रचलित प्रथा है.
प्रिया कपूर इन दिनों दिवंगत पति संजय कपूर की संपत्ति को लेकर एक हाई-प्रोफाइल कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं. करिश्मा के बच्चे समायरा और कियान अपनी मां के कानूनी संरक्षक के रूप में साथ रहते हुए यह मामला दर्ज करा चुके हैं. वे संजय की मां और बहन के साथ मिलकर वसीयत की प्रामाणिकता पर सवाल उठा रहे हैं. बताते चलें कि संजय कपूर सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे, जो एक प्रमुख ऑटो पार्ट्स निर्माता कंपनी है. जून में लंदन में पोलो मैच खेलते समय उनका निधन हो गया. संजय की साल 2003 में करिश्मा कपूर से शादी हुई थी, जो साल 2016 तक चली. इसके बाद दोनों ने अपने-अपने रास्ते अलग कर लिए. शादी के बाद करिश्मा और संजय के दो बच्चे हुए. एक्ट्रेस से अलग होने के बाद संजय कपूर ने साल 2017 में प्रिया से दूसरी शादी रचाई थी.
