जालंधर, जिला प्रशासन जालंधर जिले में धान की उचित और निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने आगामी धान खरीद सीजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज बैठक की अध्यक्षता की। डिप्टी कमिश्नर ने किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की दृढ़ वचनबद्धता दोहराई।
डा. अग्रवाल ने कहा कि जालंधर की अनाज मंडियों में 11.18 लाख मीट्रिक टन धान की आमद होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की फसल का दाना-दाना खरीदने के लिए वचनबद्ध है क्योंकि यह किसानों की छह महीने की मेहनत का फल है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य की सभी मंडियों में फसल की उचित खरीद के लिए समग्र प्रबंध किए है। उन्होंने रोशनी, पीने वाले पानी, शौचालय के अलावा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आगे कहा कि लिफ्टिंग के उचित प्रबंधों के साथ-साथ आवश्यक बारदाना भी उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे फसलों के अवशेष न जलाएं क्योंकि इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है।
उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की फसल की साथ-साथ डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए उचित प्रबंध किए है ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इस बीच उन्होंने आडती एसोसिएशन और राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की और उनका फीडबैक लिया एंव उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों के तत्काल समाधान का आश्वासन दिया।
