Business Khas

इमरान के करीबियों का जीना हराम, जेल से रिहा होने के चंद मिनटों बाद फिर गिरफ्तार हुए शाह महमूद कुरैशी

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी (Shah Mahmood Qureshi) को मंगलवार (23 मई) को रावलपिंडी की अदियाला जेल से रिहा होने के कुछ मिनट बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया गया. इसके अलावा महमूद कुरैशी की रिहाई के तुरंत बाद पार्टी नेता मुसर्रत जमशेद चीमा को भी फिर से गिरफ्तार कर लिया गया. पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो न्यूज के मुताबिक PTI के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी अपनी गिरफ्तारी से पहले जेल के बाहर बोले कि वह अभी भी PTI का हिस्सा हैं और रहेंगे. इसके बाद पूर्व मंत्री को पुलिस किसी अनजान जगह ले गई. जियो न्यूज के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिरीन मजारी के PTI छोड़ने और राजनीति छोड़ने की घोषणा के घंटों बाद पार्टी में बने रहने के बारे में उनका भी बयान आया. इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) ने पहले मंगलवार (23 मई) को कुरैशी की रिहाई का आदेश दिया था, जब उन्होंने एक हलफनामा जमा किया था कि वह आंदोलन करने और काम करने वालों को उकसाने से दूर रहेंगे.