बोतलबंद पानी की शुद्धता को लेकर दिग्गज कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गोवा के बाद अब पश्चिम बंगाल स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने भी प्रयोगशाला जांच में ‘असुरक्षित’ पाए गए हैं। पानी में खतरनाक कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।
यह सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी संयंत्र से एकत्र किया गया था। प्राथमिक और रेफरल—दोनों ही प्रयोगशालाओं की जांच में पानी के भीतर कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई।
इस मामले में 12 अगस्त 2026 को शुरुआती कार्रवाई करते हुए संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब नियामक संस्था ने कंपनी पर सीधा कानूनी शिकंजा कसने का फैसला किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सीवेज के रिसाव या गंदे पाइपों के संपर्क में आने से पीने के पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पनपता है, जो सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ FSSAI का यह लगातार दूसरा बड़ा एक्शन है। इससे पहले बीते रविवार को भी प्राधिकरण ने गोवा प्लांट के सैंपल फेल होने पर कंपनी के विरुद्ध मुकदमा चलाने की घोषणा की थी।
