तेलुगू एक्टर अल्लू अर्जुन को उनकी लेटेस्ट फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत के मामले में हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। टेलीविजन पर दिखाए गए फुटेज में अल्लू अर्जुन को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस की गाड़ी में ले जाए जाते हुए देखा गए। इस मामले में संध्या थिएटर के मालिक और मैनेजर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। अल्लू अर्जुन ने इस मामले में अपने खिलाफ केस को रद्द करने के लिए तेलंगाना हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर आज ही सुनवाई होगी। यह घटना 4 दिसंबर की रात हुई। हैदराबाद के व्यस्त RTC क्रॉस रोड्स स्थित संध्या थिएटर में पुष्पा 2 के प्रीमियर में अल्लू अर्जुन परिवार के साथ पहुंचे थे और उन्हें देखने के लिए वहां भारी भीड़ जुट गई। इसकी वजह से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें 35 साल की महिला रेवती की मौत हो गई और उनके 9 साल के बेटे को दम घुटने के कारण हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। पुलिस ने अल्लू अर्जुन और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
