। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच ने आज पंजाब के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप सरकार से पंद्रह महीने पहले जालंधर में बरामद गायों के सिरों के बारे जानकारी मांगी। अपने ब्यान में मंच के अध्यक्ष किशनलाल शर्मा ने कहा कि पंजाब में छठा दरिया नशों का तो सातवां दरिया गऊ माता के खून का बह रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में मंच के अध्यक्ष किशनलाल शर्मा ने बताया कि आज से लगभग पंद्रह महीने पहले गुरु गोबिन्द सिंह एवेन्यू में पुलिस ने आठ गायों के सिर बरामद किए थे। इस पर रामामंडी की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 359/23 दर्ज की और पुलिस ने विश्वास दिलवाया था कि फारेंसिक लैब में इनकी जांच करके आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के पंद्रह महीने बीतने के बाद भी न तो कोई जांच की गई, न कोई रिपोर्ट आई और पुलिस द्वारा बरामद उन गायों के सिरों की भी कहीं खबर नहीं है। अपने ज्ञापन में उन्होंने बताया कि पंजाब में बड़े स्तर पर गऊ हत्या व गायों की तस्करी हो रही है परन्तु पुलिस इस संगीन अपराध को हल्के में ले रही है। इसका उदाहरण है कि पुलिस ने 20 मई को गायों से भरा एक ट्रक पकड़ा और आरोपी एक विशेष समुदाय से संबंधित था। पुलिस ने उसके खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई नहीं की और जिससे उसके हौंसले इतने बढ़ गए कि कल फिर वह गायों से भरे ट्रक के साथ देखा गया। किशनलाल शर्मा ने बताया कि पंजाब सरकार काऊ सैस के नाम पर करोड़ों रुपये वसूल रही है परन्तु इसके बावजूद पंजाब में गौधन सडक़ों पर भटक रहा है और गो-तस्कर इस हालत का लाभ उठा कर सरेआम अपनी कार्रवाईयों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से इस दिशा में कोई सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
