छतरपुर, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को छतरपुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। छतरपुर पुलिस ने गर्ग को जिला न्यायालय में पेश किया जहां से अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी। शालिग्राम गर्ग को जमानत मिलने से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के परिवार को बड़ी राहत मिल गई है। मालूम हो कि बीते 11 फरवरी को बमीठा के गढ़ा गांव में एक दलित परिवार की बेटी की शादी थी। शादी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने कथित तौर पर नशे के हालत में हंगामा किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो में वह हाथ में पिस्टल लिए नजर आया था।
शालिग्राम गर्ग के साथ एक अन्य आरोपी राजाराम तिवारी को भी शादी कार्यक्रम में अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने, बंदूक तानने और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अदालत में आरोपी गर्ग की ओर से जमानत याचिका भी लगाई गई थी। आरोपियों पर आईपीसी की धारा 294, 323, 506, 427 और एससी / एसटी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन और आरोपियों के वकीलों की ओर से दलीलें पेश की गईं।
बता दें कि छतरपुर पुलिस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को गिरफ्तार करने का भारी दबाव था। दलित संगठन शालीग्राम गर्ग को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। गांव का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था। घटना के काफी दिन बाद तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पुलिस को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। विवाद के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपने भाई से पल्ला झाड़ लिया था। उन्होंने बयान जारी कर कहा था कि हर मामले में उनके नाम को घसीटे जाने की जरूरत नहीं है।
