शिमला नगर निगम के 34 वार्डों के लिए दो मई को मतदान हुआ है. आज 102 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है, जिसके लिए मतगणना शुरू हो गई है. ऐसे में हम आपको बताएंगे कि किसी कहां पर जीत हुई है.
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की जीत पर दी बधाई. उन्होंने कहा नगर निगम चुनावों में चुने हुए सभी पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. उन्होंने कहा, मैं जनता के जनमत को स्वीकार करता हूं,कांग्रेस पार्टी ने इन नगर निगम चुनावों को बुरी तरह से प्रभावित करने का पूर्ण प्रयास किया. अगर ध्यान से देखा जाए तो शिमला नगर निगम को एक ऑर्गेनिक मैंडेट नहीं मिल पाया. कांग्रेस के नेताओं ने बाहर के विधान सभा क्षेत्र से शिमला MC में बड़ी तादाद में वोट बनाए,इससे चुनाव प्रभावित हुआ. जो वोट बाहर की विधानसभाओं से शिमला में बनाए गए,उनकी शिमला से कोई आत्मीयता नहीं है, शिमला में रहने वाले लोगों को वोट डालने का अधिकार मिलना चाहिए और उनकी आवाज जरूरी है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो वोट कांग्रेस पार्टी ने अन्य विधानसभा क्षेत्रों से बनाए थे, वह वोट डाल के चले भी गए अब उनको शिमला शहर से कोई लेना-देना नहीं. कई विधायक, मंत्री और कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने 6 महीने पहले किसी और विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया और अब शिमला नगर निगम चुनावों में भी मतदान किया. मैं आपका ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहता हूं कि मेरा वोट भी इन नगर निगम चुनावों के लिए बनाया गया था पर मैंने और मेरे परिवार ने चिट्ठी के माध्यम से पहले ही अपना वोट वापस ले लिया था. हम नैतिकता के आधार पर चुनाव लड़ने में विश्वास रखते है, हम ऐसी ओछी राजनीति में विश्वास नहीं रखते.
