केदारनाथ में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. हेलीकॉप्टर की चपेट में आकर एक शख्स की मौत हो गई. मृतक का नाम अमित सैनी बताया जा रहा है जो उत्तराखंड सिविल एविएशन (यूकाडा) का फाइनेंशियल कंट्रोलर था. जानकारी के मुताबिक अमित हेलीकॉप्टर के पीछे लगे पंखे की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई. बता दें कि दो दिन बाद यानी 25 अप्रैल से केदारनाथ धाम यात्रा भी शुरू हो रही है.
बताया जा रहा है कि केदारनाथ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर अमित सैनी केदारनाथ हेलीपैड के निरीक्षण के लिए गए थे, जैसे ही वह हेलीकॉप्टर से उतरे तुरंत हेलीकॉप्टर के पंखे की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई. सूत्रों की मानें तो जिस समय यह हादसा हुआ उस समय उत्तराखंड सिविल एविएशन के सीईओ भी वहां मौजूद थे.
बता दें कि 25 अप्रैल से बाबा केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू हो रही है, चूंकी यात्रा में अब बेहद कम समय बचा है ऐसे में प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में लगा है. तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है.
