खुद को वायरल करने की सनक में लोग कुछ भी कर गुजरते हैं। इसके लिए चाहे किसी दूसरे की जिंदगी या अपनी जिंदगी ही क्यों न दांव पर लगानी पड़े। सोशल मीडिया पर इसी तरह का एक वीडियो सामने आया है। एक महिला ट्रेन से लटक कर रील बनवा रही है, तभी वो एक पेड़ से टकरा जाती है और ट्रेन से गिर जाती है। द सन के अनुसार , यह घटना शनिवार को श्रीलंका में एक ट्रेन में हुई।
महिला की पहचान चीन से आई पर्यटक के रूप में की गई है। वह रेलिंग को पकड़कर ट्रेन से बाहर लटकी हुई दिख रही है और वीडियो बनवा रही है, तभी कुछ पेड़ों की टहनियों से उसका सिर टकरा जाता है और रेलिंग से उसका हाथ छूट जाता है। महिला कुछ ही पलों में ट्रेन से नीचे गिर जाती है। इस भयावह घटना के बाद वीडियो बना रहे शख्स और आस-पास के लोगों में हड़कंप मच जाता है। वे ट्रेन को रुकवाने के लिए चिल्लाते हैं।
