जालंधर, श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें गुरुपर्व को लेकर श्रद्धा और उल्लास का माहौल बन गया है। डेरा सचखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी महाराज की अगुवाई में श्रद्धालुओं का विशाल जत्था विशेष ट्रेन से जालंधर रेलवे स्टेशन से बनारस (वाराणसी) के लिए रवाना हुआ। इस दौरान स्टेशन परिसर गुरु रविदास जी के जयकारों से गूंज उठा और संगतों में भारी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने संत निरंजन दास जी महाराज से आशीर्वाद लिया। सुशील रिंकू ने सभी को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डेरा सचखंड बल्लां द्वारा हर वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाएं सराहनीय हैं, जिनसे लाखों संगतें बिना किसी परेशानी के गुरु धाम तक पहुंच पाती हैं। उन्होंने कहा कि यह डेरा न केवल एक धार्मिक केंद्र है, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और अनुशासन का जीवंत उदाहरण भी है। डेरा सचखंड बल्लां द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए , लंगर, चिकित्सा और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाएं अत्यंत प्रशंसनीय हैं। रिंकू ने कहा कि डेरा हमेशा श्री गुरु रविदास जी महाराज के विचारों-समानता, भाईचारे और मानवता को व्यवहार में उतारते हुए समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है। संत निरंजन दास जी महाराज के नेतृत्व में डेरा सचखंड बल्लां सेवा, श्रद्धा और संगठन की मिसाल बनकर उभरा है, जिसकी जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है।
इस अवसर पर डेरा प्रबंधन कमेटी के सेवादार, विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का 649वां गुरुपर्व बनारस में भव्य रूप से मनाया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचकर गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाएंगे और उनके उपदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेंगे।
