आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ जहां एक ओर बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता का जश्न मना रही है, वहीं इसे कॉपीराइट मामले में बड़ा झटका लगा है। दिल्ली हाई कोर्ट को बुधवार को बताया गया कि ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स और ‘त्रिमूर्ति फिल्म्स’ के बीच गाने ‘तिरछी टोपीवाले’ का कॉपीराइट मामला मध्यस्थता से सुलझ नहीं पाया है। त्रिमूर्ति फिल्म्स के राजीव राय ने जियो स्टूडियोज और आदित्य धर के B62 स्टूडियोज पर ‘बिना इजाजत’ गाने के इस्तेमाल का मुकदमा दायर किया है। यह गाना राजीव राय की फिल्म ‘त्रिदेव’ का है, जिसके राइट्स उनकी प्रोडक्शन कंपनी के पास हैं। अब जब मध्यस्था फेल हो गई है, तो ‘धुरंधर 2’ के गाने ‘Rang De Lal (Oye Oye)’ को लेकर उपजे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। अब कोर्ट में फिल्म के मेकर्स को ट्रायल का सामना करना पड़ेगा। ‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस तुषार राव गेडेला ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 मई की तारीख तय की है। शुरुआत में, दिल्ली हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों से कहा था कि वे मध्यस्थता के जरिए इस मामले को आपस में सुलझा लें। लेकिन बुधवार को जब कोर्ट की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो अदालत को जानकारी दी गई कि मध्यस्थता की कोशिश नाकाम रही है। अब इस मामले में कोर्ट में सुनवाई होगी।
जानकारी के लिए बता दें कि ‘तिरछी टोपीवाले’ गाना असल में साल 1989 में रिलीज राजीव राय की फिल्म ‘त्रिदेव’ का है। इसे मूल रूप से सपना मुखर्जी और अमित कुमार की आवाज में गाया गया, जबकि कल्याणजी-आनंदजी ने इसका म्यूजिक तैयार किया। यह गाना उस समय का एक जबरदस्त हिट साबित हुआ और पिछले तीन दशकों से भी ज्यादा समय से यह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है। आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी सीक्वल फिल्म ‘धुरंधर 2’ इसी साल 19 मार्च को रिलीज हुई। इसके क्लाइमेक्स में इस गाने का इस्तेमाल किया गया था। यह गाना फिल्म में राकेश बेदी के किरदार पर फिल्माया गया है, जिसमें वह फिल्म के मुख्य किरदार जसकीरत (रणवीर सिंह) को कोई बात बता रहे होते हैं। फिल्म में इसे ‘रंग दे लाल’ नाम के शामिल किया गया है और इसमें नए बोल जोड़े गए हैं। जैस्मिन सैंडलस और अफसाना खान ने इस नए वर्जन में आवाज दी है। जबकि शाश्वत सचदेव ने इसे रीमिक्स किया है। यह गाना ‘धुरंधर 2’ के साउंडट्रैक का भी हिस्सा है।
‘धुरंधर 2’ के रिलीज होने के ठीक बाद त्रिमूर्ति फिल्म्स ने फिल्म के मेकर्स पर मुकदमा दायर कर दिया। त्रिमूर्ति फिल्म्स का दावा है कि इस गाने का इस्तेमाल फिल्म में बिना किसी जरूरी लाइसेंस या इजाजत के किया गया है। त्रिमूर्ति फिल्म्स ने इस गाने और इसकी साउंड रिकॉर्डिंग से जुड़े सभी अधिकारों पर अपना मालिकाना हक और अपना पूरा नियंत्रण होने का दावा किया है। प्रोडक्शन हाउस ने आरोप लगाया है कि इस इस्तेमाल से कॉपीराइट का उल्लंघन हुआ है, जिसमें बिना इजाजत के गाने को दोबारा बनाना और उसे लोगों तक पहुंचाना शामिल है।
राजीव राय ने ‘DNA’ को दिए एक इंटरव्यू में बताया, ‘मेरी लड़ाई सिर्फ साउंडट्रैक में गाने के इस्तेमाल को लेकर नहीं है, बल्कि पूरी कहानी को लेकर है। यह एक चोरी है। यह पूरी तरह से चोरी का मामला है। जब आप इसे किसी दूसरी फिल्म में थोड़ा-बहुत बदलकर इस्तेमाल करते हैं, तो यह डबल चोरी है। मेरी नजर में यह एक चोरी है।’
