बिहार के पटना के गर्दनीबाग में चल रहा 21 दिनों से पीएचडी होल्डर्स का अनशन अब खत्म हो गया है. छात्रों द्वारा राज्यपाल अता हसनैन से मुलाकात और बातचीत के बाद सहमति बनी है. इसके बाद छात्रों ने अनशन वापस लेने का ऐलान किया है. छात्रों की मांग थी कि सहायक प्राध्यापक के लिए अधिकतम उम्र 55 वर्ष रखी जाए. साथ ही सहायक प्राध्यापक बहाली के लिए लिखित परीक्षा ली जाये और वो ऑब्जेक्टिव टाइप हो.
इसके अलावा लिखित परीक्षा में जो उत्तीर्ण होते हैं, उनके API की गणना की जाएगी एवं लिखित परीक्षा के प्राप्तांक तथा API को जोड़कर समेकित मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी, जिसके आधार पर अंतर्वीक्षा के लिए आवश्यक निर्धारित संख्या में अभ्यर्थी बुलाए जाएंगे. अंतर्वीक्षा में टीचिंग डेमो भी रखा जायेगा.
राज्यपाल से बातचीत के बाद API की गणना के संबंध में निम्नलिखित मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया. छात्रों द्वारा मांग की गई थी कि API की गणना में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के प्राप्तांकों की गणना नहीं की जाएगी. नेट एवं JRF के अधिमानता को 11 तक रखा जा सकता है, लेकिन पीएच.डी. के अधिमानता 30 से कम नहीं किया जाए.
