आज के डिजिटल दौर में इंटरनेट हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। यहाँ ज्ञान, मनोरंजन और अवसरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके साथ धोखाधड़ी, फर्जी पहचान और साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
आजकल बहुत कम समय में किसी भी खबर को वायरल या शेयर किया जा सकता है। इसी तेजी का फायदा उठाकर कई ठग लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। इसलिए बिना जांच-पड़ताल के किसी भी खबर, लिंक, ऑफर या संदेश को आगे साझा (शेयर) न करें।
इंटरनेट पर हर व्यक्ति वैसा नहीं होता जैसा वह खुद को दिखाता है। कई लोग नकली प्रोफ़ाइल बनाकर लोगों का विश्वास जीतते हैं और फिर पैसों, निजी जानकारी या भावनाओं का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। इसलिए बिना पूरी जानकारी और सत्यापन के किसी पर भी आँख बंद करके भरोसा न करें।
अपनी निजी जानकारी, बैंक विवरण, OTP, पासवर्ड या महत्वपूर्ण दस्तावेज़ किसी अनजान व्यक्ति के साथ कभी साझा न करें। किसी भी लिंक पर क्लिक करने, ऑनलाइन निवेश करने या पैसे भेजने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें।
