Business Khas

You are currently viewing हरियाणा में कहां तक पहुंची कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात?

हरियाणा में कहां तक पहुंची कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात?

चंडीगढ़, हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच अभी बातचीत जारी है। आम आदमी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि बात चल रही है। इसलिए अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में लगातार काम कर रही है। प्रियंका ने यह भी कहा कि हम सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जमीन पर हमारा संगठन पूरी तरह से मजबूत है। हम एक-दो दिन में उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देंगे। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता ने उम्मीद जताई कि गठबंधन को लेकर कोई न कोई निष्कर्ष निकल जाएगा। गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस आम आदमी पार्टी (आप) के साथ भी सीट बंटवारे पर बातचीत कर रही है। हालांकि, शुक्रवार को दोनों पार्टियों के बीच सीट-बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी। इससे गठबंधन की संभावनाएं धूमिल होती नजर आ रही थीं। लेकिन शनिवार को आम आदमी की प्रवक्ता ने कहा है कि अभी बात चल रही है। बता दें कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति जताई है। जानकारी के मुताबिक हुड्डा गुट और कुछ अन्य नेता आप के साथ सीट बंटवारे के खिलाफ हैं। इन नेताओं का मानना है कि केजरीवाल की पार्टी का हरियाणा में कोई खास आधार नहीं है।