जालंधर, नगर निकाय चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्षद उम्मीदवारों के आवेदन स्वीकार करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ जालंधर पहुंचे। उन्होंने यहां के चारों विधानसभा क्षेत्र जालंधर ईस्ट, जालंधर वेस्ट, जालंधर सेंट्रल और जालंधर कैंट के पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और हलका इंचार्जों के साथ मीटिंग की एवं पार्षद उम्मीदवारों को लेकर आए आवेदनों पर विस्तृत चर्चा की।
मीटिंग में मंत्री मोहिंदर भगत, विधायक रमन अरोड़ा और जसवीर सिंह राजा गिल, आप नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, पवन कुमार टीनू, दिनेश ढल्ल, दीपक बाली, अमृत पाल, मंगल सिंह, तरनदीप सिंह सनी, गुरविंदर शेरगिल, स्टीवन कलेर और अन्य आप नेता मौजूद रहें।
ईटीओ ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद पार्टी पार्षद उम्मीदवारों के चयन के लिए वार्ड स्तर पर सर्वे कराएगी। सर्वे में जिस उम्मीदवार के जीतने की संभावना सबसे ज्यादा होगी, उसे टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा। हमारी कोशिश सिर्फ इतनी है कि जिताऊ उम्मीदवारों को ही टिकट मिले। ईटीओ ने कहा कि हम अपनी सरकार के कामों के आधार पर चुनाव लड़ेंगे। हमारे नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को आप सरकार के पिछले ढ़ाई साल के कामों को बताएंगे और उन्हें वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि लोग आम आदमी पार्टी को जिताने के लिए तैयार बैठे हैं। जिस तरह लोगों ने उपचुनाव में हमें भारी बहुमत से जिताया, उसी तरह नगर निगम चुनावों में भी हमें जिताएंगे।
