जालंधर, पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार जहां गेहूं सीजन को उचित ढंग से पूरा करने के लिए किसानों व मजदूरों की सुविधा के लिए मंडियों में व्यापक प्रबंध किए गए है, वहीं जिले की मंडियों में खरीद का काम भी सुचारू ढंग से जारी है।
खरीद प्रबंधों संबंधी अधिक जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर डा.हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा अब तक खरीदे गए गेहूं की 1178 करोड़ रुपए की अदायगी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि जिले की विभिन्न मंडियों में 4,99,313 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से 4,98,211 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा की जा चुकी है।
डा.अग्रवाल ने बताया कि इस सीजन में जिले की 79 मंडियों में 5.25 लाख मीट्रिक टन गेहूं पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बंपर फसल उत्पादन को देखते हुए 23 अस्थाई मंडियों की भी व्यवस्था की गई है।
डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को गेहूं सीजन के सफल समापन के लिए उचित खरीद, समय पर लिफ्टिंग और भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
