Business Khas

You are currently viewing जालंधर में लाखों रुपए से बनी नई सड़क चंद दिनों में टूटी

जालंधर में लाखों रुपए से बनी नई सड़क चंद दिनों में टूटी

पंजाब के जिला जालंधर में अभी कुछ महीनों पहले ही बनी सड़क टूटने का मामला विजिलेंस ब्यूरो के पास पहुंच गया है। इलाके के लोगों ने इसकी शिकायत विजिलेंस को दी है। मिली जानकारी के मुताबिक जालंधर (Jalandhar) के सिटी के वार्ड नंबर 85 में लाखों रुपए की लागत से अभी कुछ महीने पहले ही बनी कंक्रीट रोड टूट गई है। इसी के चलते पूर्व सीपीएस केडी भंडारी के साथ इलाके के लोगों ने विजिलेंस को शिकायत दी है।

कंपलेंट में लिखा गया है कि हाल ही में 50 लाख रुपए की लागत से बनी वीनस वैली, बाबा मोहन दास एक्सटेंशन और सलेमपुर मुसलमाना रोड जैसी सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़कें कुछ ही महीनों में टूट गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विजिलेंस में दी गई शिकायत में निवासियों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन अफसरों की विशेष टीम बनाई जाए। साथ ही, निर्माण एजेंसी और नगर निगम के वे अधिकारी जो इस परियोजना के कार्यों की देखरेख कर रहे थे, उन्हें जांच में शामिल किया जाना चाहिए।

पूर्व सीपीएस केडी भंडारी ने बताया कि कंपलेंट में यह भी मांग की गई है कि सत्तापक्ष की स्थानीय नेतृत्व टीम को भी जांच प्रक्रिया में शामिल किया जाए, ताकि मामला पूरी पारदर्शिता के साथ जांचा जा सके।