नई दिल्ली: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में फिर बड़ी गिरावट हुई है। यह लगातार चौथा सप्ताह है, जबकि अपना फोरेक्स भंडार घटा है। पिछले तीन महीने में यदि 29 नवंबर 2024 को समाप्त सप्ताह को छोड़ दें तो विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट ही हो रही है। अब 27 दिसंबर 2024 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर से $4.11 billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $8.47 billion की भारी कमी हुई थी। उधर, अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार (Pakistan Foreign Exchange Reserve) में इस सप्ताह बढ़ोतरी हुई है।
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक 27 दिसंबर 2024 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $4.112 billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $8.478 billion की तगड़ी गिरावट हुई थी। इसी के साथ अपना विदेशी मुद्रा भंडार अब घट कर $640.279 billion रह गया है। बीते 12 सप्ताह में सिर्फ 29 नवंबर 24 को समाप्त सप्ताह के दौरान इसमें 1.51 billion dollar की बढ़ोतरी हुई थी। उससे पहले तो, लगातार आठ सप्ताह से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार कमी ही हो रही है। इससे पहले 27 सितंबर 2024 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपना विदेशी मुद्रा भंडार $704.885 billion पर के रेकार्ड उच्चतम स्तर पर था।
